Breaking News

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) पर कार्यशाला का किया आयोजन

अजमेर। ग्राम स्वराज अभियान के तहत शनिवार को जिला प्रमुख वन्दना नोगिया की अध्यक्षता में जिला परिषद सभागार में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) पर कार्यशाला का आयोजन किया गया।
   
ग्राम शक्ति अभियान दिवस के रूप मे आयोजित इस कार्यशाला में जिला प्रमख ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गरीब को गणेश मानकर उसे विभिन्न योजनाओं में लाभान्वित कर रहे है। गरीब लाभार्थियों को जो पात्र है उन्हें अपना स्वयं का घर बनाने के लिए स्वीकृति पत्र प्रदान किये गये है। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत ही अजमेर विद्युत वितरण निगम द्वारा भी प्रधानमंत्री सौभाग्य योजनान्तर्गत विद्युत कनेक्शन तथा रसद विभाग द्वारा उज्जवला योजना में गैस के कनेक्शन दिये गये है।
   
उन्होंने बताया कि अजमेर जिला प्रधानमंत्री आवास योजना में पांचवे स्थान पर है। सरकार द्वारा योजनान्तर्गत वर्ष 2018-19 तक राज्य भर में 6 लाख 75 हजार आवासो का निर्माण करवाया जायेगा। आवास के लिए एक लाख बीस हजार रूपये की वित्तीय सहायता दी जाती है। इसमें सहायता राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में जमा कराई जाती है।
   
प्रारंभ में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी भगवत सिंह राठौड़ ने सभी का स्वागत किया वहीं कार्यशाला में योजना का स्लाईड प्रदर्शन द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
   
कार्यशाला में जिला प्रमुख ने 48 पात्र व्यक्तियों को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के स्वीकृति पत्र, 12 प्रधानमंत्री सौभाग्य योजना में विद्युत कनेक्शन तथा 27 पंचायत समितियों के अधिकारियों एवं कार्मिकों को योजनान्तर्गत उल्लेखनीय कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया।
   
इस मौके पर श्रीनगर की प्रधान सुनीता रावत, मसूदा के प्रधान श्री नारायण सिंह, समस्त विकास अधिकारी, जिला परिषद सदस्य एवं लाभार्थी उपस्थित थे।

No comments