Breaking News

डेढ़ करोड़ की लागत से शास्त्री नगर में तैयार हो रहा है नगर वन उद्यान, कलेक्टर ने स्वीकृत किए 95 लाख

अजमेर। शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की बजट घोषणा के तहत शास्त्री नगर  में तैयार किया जा रहा नगर वन उद्यान प्रकृति प्रेमियों एवं पर्यटन के लिए अनूठा उपहार होगा। नेचर और एडवेंचर वॉक का शौक रखने वाले नागरिक यहां अपने आपको प्रकृति के नजदीक पाएंगे। उन्होंने आमजन से अपील की कि पर्यावरण की रक्षा के लिए वृक्ष जरूर लगाएं। अजमेर के सरकारी स्कूलों में 10-10 पेड़ लगाए जाएंगे।
   
शिक्षा राज्यमंत्री देवनानी ने आज शास्त्री नगर महुआ बीड स्थित नगर वन उद्यान में 69वें जिला स्तरीय वन महोत्सव को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि अजमेर के पर्यावरण को बचाना है तो प्रत्येक नागरिक को वृक्ष लगाने होंगे। वर्ना दूसरे महानगरों की तरह हम भी दूषित पर्यावरण के खतरे से घिर जाएंगे। वृक्ष को बचाने के लिए हम उसे अपने बच्चे की तरह मानें तभी हमारा उद्देश्य सफल होगा। अजमेर शहर के प्रत्येक स्कूल में 10-10 वृक्ष लगाए जाएंगे। कई स्कूलों में फलदार पौधे लगाए जाएंगे।
   
उन्होंने कहा कि शहर में विकसित हो रहा नगर वन उद्यान मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की अभिनव सोच का परिणाम है।  सरकार द्वारा शहर के लोगों को उनके घर के आसपास भ्रमण की सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए इस पार्क की अवधारणा विकसित की गई है। यह पार्क शहर के लोगों को सरकार की ओर से बड़ी सौगात साबित होगा।
     
देवनानी ने बताया कि शास्त्री नगर में बन रहा नगर वन उद्यान शहर के प्रकृति प्रेमियों को बहुत पसंद आएगा। यहां कच्चे-पक्के रास्तों से एक किलोमीटर से अधिक लम्बा ट्रेक तैयार किया जा रहा है। रनिंग और वाकिंग सहित खिलाड़ियों को ट्रेनिंग के लिए यह अच्छी जगह साबित होगी। नागरिक पहाड़ी पर एडवेंचर और नेचर वॉक और ट्रेकिंग का आनंद भी ले सकेंगे।
   
मुख्य वन संरक्षक अक्षय सिंह ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा मोबाइल नेटवर्क से ज्यादा जरूरी है। आज युवा पर्यावरण के बजाए सिर्फ अपनी सुविधा और मनोरंजन के बारे में सोच रहे हैं।  हमें अपने पर्यावरण को बचाने के लिए उतनी ही गंभीरता से प्रयास करने होंगे जितने हम अपने परिवार एवं स्वयं के लिए करते हैं।
   
जिला कलेक्टर आरती डोगरा ने कहा कि पेड़ों को सहेज कर रखना जरूरी है। हम जितना ध्यान स्वयं पर देते हैं, उतनी ही ध्यान अगर हम पेड़ों की रक्षा पर देने लगें तो वृक्षारोपण अभियान के शानदार परिणाम सामने आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि नगर वन उद्यान के विस्तार एवं सौंदर्यीकरण के लिए डीएमएफटी से 95 लाख रुपए की स्वीति दी गई है। इस राशि से नगर वन उद्यान का विस्तार सड़क के दूसरी ओर भी किया जा सकेगा।
   
कार्यक्रम को राजेंद्र सिंह एवं अन्य वक्ताओं ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर सभी अतिथियों एवं स्कूली बच्चों ने वृक्षारोपण एवं उद्यान का भ्रमण भी किया।

No comments