Breaking News

जब एक न्यूज एंकर ने पढ़ी अपने ही पति की मौत की खबर

नई दिल्ली। जरा सोचिए कि किसी पत्रकार के जीवन में जब एक ऐसा मोड भी आ जाए, जब वह किसी सड़क हादसे में हुई मौत के बारे में खबर को कवर करने जाए और उसे उस दुर्घटना में अपने ही किसी परिचित या फिर परिवार के किसी सदस्य की मौत होने के बारे में पता लगे, तो उस पर क्या बीतेगी। वहीं जब बात किसी न्यूज प्रजेंटर यानि न्यूज एंकर की हो और उसे अपने ही किसी परिजन की मौत होने की खबर पढ़नी पड़े, तो वहां कैसा माहौल होगा। लेकिन, यदि कोई न्यूज एंकर अपने पति की ही मौत की खबर पढ़े और वो भी पूरी सामान्य होकर, तो फिर उसे निश्चित तौर पर उस न्यूज एंकर का जज्बा और पत्रकारिता के लिए समर्पण ही कहा जाएगा।

दरअसल, ये कोई कहानी या कोई किस्सा नहीं है, बल्कि ऐसा सचमुच हुआ है। छत्तीसगढ़ से चलने वाले एक न्यूज चैनल आईबीसी 24 की न्यूज एंकर सुप्रीत कौर के साथ ठीक ऐसा ही वाक्या उस वक्त पेश आया, जब उसे न्यूज बुलेटिन के दौरान अपने ही पति की मौत की खबर पढ़नी पड़ी। सुप्रीत ने यह समाचार पढ़ा तो एकाएक उसे शक हुआ। हालांकि उस दौरान उसने समाचार पूरा पढ़ा और वो भी पूरी तरह से सामान्य होकर। न्यूज पढऩे के बाद सुप्रीत ने घर फोन कर मामले को कंफर्म किया तो वह फफक फफक कर रोने लगी।

गौरतलब है कि महासमुंद के एनएच-353 पर लहरौद पड़ाव गांव के समीप डस्टर सवार पांच युवक रायपुर लौट रहे थे। तभी रास्ते में हुए एक हादसे में 3 जनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि दो गंभीर घायल हो गए। इस घटना को आईबीसी 24 की एंकर सुप्रीत कौर न्यूज बुलेटिन में लाइव थी और रिपोर्टर से इसके बारे में जानकारी ले रही थी। तब उन्हें पति के एक्सीडेंट का शक हुआ। न्यूज पढऩे के बाद सुप्रीत ने घर फोन कर मामले को कंफर्म किया तो वह फफक फफक कर रोने लगी।

चैनल एडिटर के अनुसार जब सुप्रीत न्यूज पढ़ रही थी, तभी चैनल स्टाफ को पता चल गया कि मृतकों में उनके पति भी शामिल हैं, लेकिन किसी में इतनी हिम्मत नहीं हो पा रही थी कि उसे कैसे बताया जाए कि जिस घटना के बारे में वह जानकारी ले रही है, उसमें उसके पति की भी मौत हो गई है। गौरतलब है कि करीब एक साल पहले ही सुप्रीत कौर की शादी हर्षद कवादे से हुई थी।


No comments