गांधी व शास्त्री जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की

अजमेर। गांधी जयंती के अवसर पर अजमेर शहर में गांधी भवन स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर प्रबुद्धजनों ने माल्यार्पण कर महात्मा गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री को याद किया।

इस मौके पर प्रदेश के शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी, महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री अनिता भदेल, नगर निगम के महापौर धर्मेंद्र गहलोत, अरविन्द यादव ने गांधीजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

देवनानी ने कहा कि महात्मा गांधी की आज 148वीं जयंती है। आज ही के दिन तीन वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वच्छता अभियान की शुरूआत की थी। उन्होंने बताया कि स्वच्छता ही सेवा है, गांधी जी ने स्वच्छता से ही स्वराज लाने का आव्हान किया था। आज हम स्वच्छ भारत के स्वप्न को साकार करें, तभी गांधी जयंती मनाना सार्थक होगा। उन्होंने बताया कि आज प्रदेश की समस्त विद्यालयों में भी स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है।

अनिता भदेल ने  कहा कि गांधीजी ने सत्य और अहिंसा के साथ देश को आजादी दिलाने के लिए सत्याग्रह किये। वहीं लाल बहादुर शास्त्री जी को किसानों का मसीहा के रूप में जाना जाता है। उन्होंने जय जवान जय किसान का नारा दिया था। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने स्वच्छ भारत बनाने की सभी से अपील की थी आज हमें उस पर अमल करना है। सभी इस बात का संकल्प लें कि न तो गंदगी करेंगे और न ही किसी को गंदगी करने देंगे।

इस मौके पर चिकित्सा विभाग द्वारा लोगों की स्वास्थ्य जांच भी की गयी। इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक संजय सांवलानी सहित संबंधित अधिकारीगण , जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।