Breaking News

जंतर मंतर पर धरना दे रहे किसानों से मिले तमिलनाडु सीएम, पीएम मोदी से बात करने का दिया आश्वासन

New Delhi, Jantar Mantar, Tamil Nadu, Farmers, Protest, Tamil Nadu CM, Edappadi Palaniswami
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले कई दिनों से अपनी समस्याओं को लेकर धरने पर बैठे तमिलनाडु के किसानों से आज तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ई पलानीस्वामी ने मुलाकात की। इस दौरान ई पलानीस्वामी ने किसानों की समस्याओं को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तक पहुंचाने और उनका हर संभव समाधान करवाने का आश्वासन दिया। गौरतलब है कि सूखे की मार झेल रहे तमिलनाडु के किसान पिछले करीब 40 दिनों से दिल्ली में जंतर मंतर पर धरने पर बैठे हैं। इनकी मांग है कि सरकार जल्द से जल्द किसानों का कर्ज माफ करें।

नीति आयोग की बैठक में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली पहुंचे तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ई पलानीस्वामी ने आज धरने पर बैठे किसानों से मुलाकात की। तमिलनाडु के सीएम पलानीस्वामी ने कहा है कि वो किसानों की मांग को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पहुंचाएंगे और उनसे किसानों का अनशन खत्म कराने की अपील करेंगे। इस दौरान किसानों ने पलानीस्वामी के सामने मांग रखी कि वे चाहते हैं कि उनका कर्ज जल्द से जल्द माफ हो जाए।

किसानों ने यूपी की नई सरकार का भी जिक्र किया, जिन्होंने हाल ही में किसानों का कर्ज माफ किया है। इस पर पलानीस्वामी ने किसानों से वादा किया कि वे उनकी मांगों को पीएम तक लेकर जाएंगे। उन्होंने किसानों से हड़ताल को खत्म करने का भी आग्रह किया, लेकिन किसानों ने फिलहाल हड़ताल खत्म ना करने का मन बनाया है। वहां बैठे किसानों में से एक ने कहा कि तमिलनाडु के सीएम ने हमसे वादा किया है कि वह पीएम से हमारी मुलाकात कराएंगे, लेकिन तब तक हम लोग हड़ताल जारी रखेंगे।

गौरतलब है कि इससे पूर्व कल शनिवार को ​ही किसानों ने अपनी समस्या से सबको अवगत कराने के लिए मानव मूत्र पीकर अपना विरोध जताया था। किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों के नहीं माना गया तो वो रविवार को मानव मल खाने की हद भी पार करेंगे। इससे पहले तमिननाडु के किसानों ने पीएमओ के बाहर नग्न प्रदर्शन भी किया था।

तमिलनाडु के किसान भयंकर सूखे की मार झेल रहे हैं। दक्षिण-पश्चिमी मानसून और पूर्वोत्तर मानसून सामान्य से 60 कम फीसदी बरसा है। किसानों का आरोप है कि आत्महत्या के बढ़ते मामलों के बावजूद सरकार उनकी सुनवाई नहीं कर रही है। वो कर्ज माफी के साथ राहत पैकेज की भी मांग कर रहे हैं। दूसरी ओर, मद्रास हाईकोर्ट ने तमिलनाडु सरकार को किसानों का कर्ज माफ करने का निर्देश दिया है।


No comments