Breaking News

अशोक गहलोत बने कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव, गुजरात प्रभारी की भी मिली जिम्मेदारी

Jaipur, Rajasthan, Congress, AICC, Ashok Gehlot, Gujarat, Sachin Pilot, Rajasthan Politics
जयपुर। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पार्टी में एक और जिम्मेदारी मिली है, जिसके तहत उन्हें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) का राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें गुजरात के प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी भी दी गई। गौरतलब है गहलोत इससे पूर्व भी पार्टी के महासचिव रह चुके है और साथ ही वह दिल्ली व यूपी के प्रभारी भी रह चुके हैं। वहीं गहलोत को एआईसीसी का राष्ट्रीय महासचिव बनाए जाने के बाद राजस्थान के प्रदेश प्रभारी गुरदास कामत ने राष्ट्रीय महासचिव के पद से इस्तीफा दे दिया है।

जानकारी के अनुसार, कांग्रेस आलाकमान ने अशोक गहलोत की योग्यता को देखते हुए उन्हें पार्टी में  राष्ट्रीय महासचिव का दायित्व सौंपा है। वहीं उन्हें राष्ट्रीय महासचिव बनाये जाने के पीछे राजस्थान कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट और अशोक गहलोत के बीच आपसी तालमेल बैठाना भी सबसे बड़ा कारण बताया जा रहा है। वहीं गहलोत को पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव बनाए जाने के बाद अब साफ है कि प्रदेश नेतृत्व में अब कोई खास बदलाव नहीं होगा।

उल्लेखनीय है कि राजस्थान में अशोक गहलोत को दिग्गज कांग्रेसी नेता के रूप में देखा जाता है और वे मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। इसके साथ ही हाल में पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के लिए गहलोत को पंजाब में कोर कमेटी की जिम्मेदारी भी दी गई थी। वहीं गहलोत पूर्व में भी पार्टी के महासचिव और दिल्ली तथा यूपी के प्रभारी भी रह चुके हैं। ऐसे में उन्हें एक बार फिर से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) का राष्ट्रीय महासचिव तथा गुजरात का प्रदेश प्रभारी बनाया गया है।

No comments